दिल्‍ली-एनसीआर नोएडा लोक मंच और फेलिक्स हॉस्पिटल की नई पहल, सिर्फ 30 रू० में 24 घंटे आनलाईन डॉक्टर परामर्श की सुविधा
दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा लोक मंच और फेलिक्स हॉस्पिटल की नई पहल, सिर्फ 30 रू० में 24 घंटे आनलाईन डॉक्टर परामर्श की सुविधा

नोएडा: आमजन, वरिष्ठ नागरिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तक सुलभ एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से नोएडा लोक मंच और फेलिक्स हॉस्पिटल, नोएडा ने संयुक्त रूप से एक नई ऑनलाइन हेल्थ सर्विस का शुभारंभ किया है. इस सेवा के माध्यम से अब लोग मात्र 30 रुपये में 24 घंटे अनुभवी डॉक्टरों से वीडियो कंसल्टेशन कर सकेंगे. इसके अलावा ई-प्रिस्क्रिप्शन, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट, आपातकालीन स्वास्थ्य सहायता तथा अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी.

यह जानकारी शुक्रवार को नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी, सेक्टर-15 में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी गई. कार्यक्रम में नोएडा लोक मंच और फेलिक्स हॉस्पिटल के पदाधिकारियों ने इस पहल को स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.

वीडियो कंसल्टेशन के साथ कई स्वास्थ्य सुविधाएं

फेलिक्स हॉस्पिटल के सी.एम.डी. डॉ. डी.के. गुप्ता ने बताया कि इस सेवा के तहत मरीजों को 24 घंटे ऑनलाइन डॉक्टरों से परामर्श मिलेगा. डॉक्टर से वीडियो कॉल के माध्यम से सलाह लेने के बाद मरीजों को ई-प्रिस्क्रिप्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें अस्पताल जाने की आवश्यकता कम होगी.

उन्होंने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में 15 से 20 किलोमीटर के दायरे में स्थित 24 घंटे संचालित फार्मेसी से दवाइयों पर 15 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी. साथ ही जरूरत पड़ने पर निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध होगी, जो मरीज को केवल फेलिक्स हॉस्पिटल ही नहीं बल्कि आवश्यकता अनुसार सरकारी अस्पताल तक भी पहुंचाएगी.

इसके अतिरिक्त अस्पताल की आई.पी.डी. सेवाओं पर 30 प्रतिशत तक की विशेष छूट देने की भी घोषणा की गई.

बुजुर्गों और जरूरतमंदों को मिलेगा सबसे अधिक लाभ

प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह पहल विशेष रूप से उन बुजुर्गों, दिव्यांगों तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोगी साबित होगी, जिन्हें बार-बार अस्पताल पहुंचने में कठिनाई होती है. अब वे घर बैठे मोबाइल या इंटरनेट के माध्यम से डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त कर सकेंगे.

योजना से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि कई बार आर्थिक रूप से कमजोर परिवार या अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिक समय पर चिकित्सकीय सलाह नहीं ले पाते. ऐसे लोगों के लिए यह सेवा स्वास्थ्य सुविधाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करेगी.

9 अगस्त को लगेगा मेगा हेल्थ कैंप

नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. उन्होंने जानकारी दी कि 9 अगस्त को आयोजित होने वाले मेगा हेल्थ कैंप में लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ डॉक्टरों से चिकित्सकीय परामर्श तथा लाभार्थियों के हेल्थ कार्ड भी बनाए जाएंगे.

स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ने का प्रयास

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल दवाइयां उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है. ऑनलाइन हेल्थ सर्विस इसी सोच का विस्तार है, जिसके माध्यम से आधुनिक तकनीक और वीडियो कंसल्टेशन के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर तक पहुंचाया जाएगा.

उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में इस प्रकार की जनहितकारी स्वास्थ्य सेवाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा, ताकि “स्वस्थ समाज, सशक्त समाज और बेहतर हर इंसान” के लक्ष्य को साकार किया जा सके.

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

कार्यक्रम में फेलिक्स हॉस्पिटल की ओर से सी.एम.डी. डॉ. डी.के. गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. वहीं नोएडा लोक मंच की ओर से महासचिव महेश सक्सेना सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे.

नई ऑनलाइन हेल्थ सर्विस के शुभारंभ को स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण और आम नागरिकों तक सस्ती एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, जरूरतमंद मरीजों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को समय पर चिकित्सकीय सलाह और उपचार प्राप्त करने में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है.

Exit mobile version