दिल्ली: बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब द्वारका सेक्टर-9 के पास चलती डीटीसी बस में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस आग के गोले में तब्दील हो गई. हालांकि चालक और परिचालक की सूझबूझ तथा यात्रियों की सतर्कता से सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
बुधवार सुबह द्वारका सेक्टर-9 के पास चलती डीटीसी बस में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ. कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. बस में मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन चालक ने तुरंत बस रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने के लिए कहा. मौके पर मौजूद लोगों ने भी यात्रियों की मदद की और तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर खाक हो गई. प्रारंभिक आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है. हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.
