नोएडा: सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित तरीके से खड़ी होने वाली फूड वैन को अब व्यवस्थित किया जाएगा. नोएडा प्राधिकरण शहर में विशेष फूड वैन वेंडिंग जोन विकसित करने की तैयारी कर रहा है. इन तय स्थानों पर ही फूड वैन संचालकों को कारोबार करने की अनुमति मिलेगी. प्राधिकरण का मानना है कि इससे शहर में बढ़ रही ट्रैफिक और अतिक्रमण की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा. अधिकारियों के मुताबिक शहर में पहले से कई वेंडिंग जोन मौजूद हैं, लेकिन हाल के वर्षों में फूड वैन की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसके चलते कई इलाकों में सड़क किनारे भीड़ और जाम की स्थिति बनने लगी है. खासकर बाजारों और व्यस्त सड़कों के आसपास फूड वैन की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है.
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही पूरे शहर में फूड वैन का सर्वे कराया जाएगा. इस सर्वे के आधार पर ऐसे स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां स्ट्रीट फूड जोन की तर्ज पर फूड वैन संचालित की जा सकें. इन जोन को विकसित करते समय साफ-सफाई, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि कोशिश होगी कि ऐसे स्थान चुने जाएं जहां लोगों को आसानी से खाने-पीने की सुविधा मिल सके और ट्रैफिक पर भी असर न पड़े. प्राधिकरण का मानना है कि तय जगहों पर फूड वैन संचालित होने से शहर का स्वरूप भी बेहतर दिखाई देगा और लोगों को सुरक्षित माहौल मिलेगा.
नई व्यवस्था के तहत सभी फूड वैन संचालकों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया जाएगा. रजिस्ट्रेशन के बाद ही उन्हें निर्धारित स्थान आवंटित किए जाएंगे। प्राधिकरण इसके लिए मासिक शुल्क भी तय कर सकता है. केवल उन्हीं फूड वैन को अधिकृत जोन में कारोबार करने की अनुमति मिलेगी, जो तय नियमों का पालन करेंगी. अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से फूड कारोबार को भी एक व्यवस्थित पहचान मिलेगी. साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से लगने वाली फूड वैन पर कार्रवाई करना भी आसान होगा. प्राधिकरण का मानना है कि इससे ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और शहर में अतिक्रमण की समस्या भी कम होगी.
