दिल्‍ली-एनसीआर दिल्‍ली: कपड़ा फैक्‍ट्री में आग से अफरा-तफरी, झुग्गियां बाल-बाल बचीं; दमकल की 5 गाड़ियों ने पाया काबू
दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्‍ली: कपड़ा फैक्‍ट्री में आग से अफरा-तफरी, झुग्गियां बाल-बाल बचीं; दमकल की 5 गाड़ियों ने पाया काबू

दिल्ली: ओखला औद्योगिक क्षेत्र फेस-2 में मंगलवार सुबह एक कपड़ा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग करीब सुबह 7 बजे लगी. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल विभाग को सुबह 7:20 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद पांच दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया.

प्रत्यक्षदर्शी कौशल के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री में रखे अग्निशमन उपकरणों की मदद से शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग और भड़क गई. इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद लगातार फायर की कई गाड़ियां यहां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत से तकरीबन 2 घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका. इसमें किसी के भी जान का नुकसान नहीं है, हां माल का नुकसान जरूर हुआ है.

स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि कुछ फायर सिलेंडर एक्सपायर हो चुके थे. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. राहत की बात रही कि हादसे के समय फैक्ट्री बंद थी, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. मौके पर एंबुलेंस भी पहुंची थी.

फायर अधिकारी ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि फायर विभाग को ओखला औद्योगिक क्षेत्र फेस टू इलाके में एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना सुबह 7:20 पर मिली थी इसके बाद मौके पर 5 फायर की गाड़ियां भेजी गई थी फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है. इसमें किसी के भी जान का नुकसान नहीं हुआ है क्योंकि जिस वक्त आग लगी उस वक्त फैक्ट्री बंद था, आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है.

फैक्ट्री के आसपास झुग्गियां भी बनी हुई हैं, जहां बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रहते हैं. समय रहते आग पर काबू पाए जाने से आग इन झुग्गियों तक नहीं पहुंची और बड़ा हादसा टल गया. हालांकि, आग में फैक्ट्री के सामान को नुकसान हुआ है. फायर अधिकारी के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है.

Exit mobile version