उत्तराखंड आज बंद होने जा रहे हैं बदरीनाथ धाम के कपाट, श्रद्धलुओं का उमड़ने लगा सैलाब
उत्तराखंड

आज बंद होने जा रहे हैं बदरीनाथ धाम के कपाट, श्रद्धलुओं का उमड़ने लगा सैलाब

उत्तराखंड: बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए शनिवार को बंद हो जाएंगे.इसके साथ ही आज चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा. जानकारी के अनुसार बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजाओं के पांचवें दिन शनिवार को रावल स्त्री वेष धारण कर माता लक्ष्मी को बदरीनाथ मंदिर के गर्भ गृह में विराजमान करेंगे. उसके बाद उद्धव जी व कुबेर जी मंदिर प्रांगण में आएंगे.

शनिवार को दोपहर 3:33 बजे बदरीनाथ धाम के कपाट बंद हो जाएंगे. जानकारी के अनुसार बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि कपाट बंद करने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

इस मौके पर धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, वेदपाठी रविंद्र भट्ट और पुजारियों ने माता लक्ष्मी की पूजा कर उन्हें कढ़ाई भोग अर्पित किया। धाम में पंच पूजाएं 14 नवंबर को शुरू हुई थीं। पहले दिन धाम में स्थित गणेश मंदिर और दूसरे दिन आदि केदारेश्वर मंदिर व आदि शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए गए। जबकि, तीसरे दिन खड्ग पुस्तक पूजन के बाद वेद ऋचाओं का वाचन बंद हुआ।

शुक्रवार सुबह माता लक्ष्मी को बदरीश पंचायत में विराजित होने का न्योता दिया गया। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि मंदिर के कपाट बंद करने की सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। इसके लिए मंदिर की दस क्विंटल फूलों से भव्य सजावट की गई है। देर शाम तक दस हजार से अधिक तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंच चुके थे।
Exit mobile version