उत्तराखंड: प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टिहरी में चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया. पुष्कर सिंह धामी ने कोटी कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में महोत्सव का उद्घाटन किया. 6 से 9 मार्च तक चलने वाला यह लेक फेस्टिवल पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है. इस आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं.
LIVE: टिहरी लेक फेस्टिवल हिमालयन-O₂, 2026 https://t.co/X5aH8mVt14
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 6, 2026
चार दिन तक चलने वाले इस फेस्टिवल में रोमांच और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा. महोत्सव के दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इसके अलावा स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, फैशन शो, मास्टर शेफ प्रतियोगिता और फोटोग्राफी प्रतियोगिता भी आयोजित होंगी. इन आयोजनों के जरिए टिहरी जिले को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है.
हमारी सरकार टिहरी को वाटर और एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख हब के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इससे पर्यटन को नई गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
देवभूमि का यह अद्भुत पर्यटन स्थल आने वाले समय में विश्व पर्यटन… pic.twitter.com/OfoBRaTjIZ
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 6, 2026
महोत्सव के दौरान मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग और रैप सिंगिंग जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा. दूसरे स्थान पर 50 हजार और तीसरे स्थान पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा. इसके अलावा 10 प्रतिभागियों को 5-5 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे. चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
