उत्तराखंड: भारतीय जनता पार्टी की वृहद स्तर पर होने वाली कार्यसमिति की शुरुआत हो गई है. जिसमें मुख्यमंत्री धामी, केंद्रीय मंत्री, कार्यकारिणी पदाधिकारी समेत प्रदेश से एक हजार से ज्यादा पार्टी पदाधिकारियों ने शिरकत की. इस मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है, प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटें बीजेपी ने जीती हैं, उसके लिए जनता और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद. उन्होंने कहा कि आगे संगठन और पार्टी के जो भी कार्यक्रम होंगे, उन पर चर्चा उत्साह व उमंग के साथ की जाएगी, सभी कार्यकर्ता यहां से उत्साह लेकर जाएंगे.
सोमवार यानि आज भाजपा की एक दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक आयोजित हुई. जिसमे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मौजूद रहे. साथ ही प्रदेश भर से आए लगभग 1350 से अधिक पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए हैं. बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लगाई जीत की हैट्रिक एवं मुख्यमंत्री धामी के सफल तीन साल के कार्यकाल को लेकर प्रस्ताव पारित करने के साथ संगठन की आगामी गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
LIVE: देहरादून में आयोजित भाजपा उत्तराखण्ड की विस्तारित प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुए
https://t.co/3pYA1qU85q— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 15, 2024
कार्यसमिति की बैठक में सीएम धामी ने यूसीसी पर बोलते हुए कहा कि 9 नवंबऱ से पहले UCC लागू होगा. बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अब तक तीन प्रस्ताव पास हुए हैं. प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक का पदाधिकारियों के सम्मुख प्रस्तावना प्रस्ताव रखा. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत प्रस्ताव पढ़ा. इसके साथ ही महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा आशा नौटियाल ने दिवंगत विधायक शैलारानी रावत के निधन का शोक प्रस्ताव रखा.
लोकसभा चुनाव में जिन 10 पोलिंग बूथ पर पार्टी को सर्वाधिक मत मिले हैं. ऐसे 10 पोलिंग बूथ अध्यक्षों को भी आज पार्टी द्वारा सम्मानित किया जाएगा. सीएम धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का भी संबोधन होगा. शाम तीन बजे के बाद केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का संबोधन होगा.
