उत्तराखंड टिहरी के मुनिकी रेती में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 का मुख्यमंत्री धामी ने शुभारंभ, देश-विदेश के साधक जुटे
उत्तराखंड

टिहरी के मुनिकी रेती में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 का मुख्यमंत्री धामी ने शुभारंभ, देश-विदेश के साधक जुटे

उत्तराखंड: तीर्थनगरी ऋषिकेश के पास टिहरी के मुनिकी रेती स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम के परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 का शुभारंभ हो गया है. जो आगामी 22 मार्च तक चलेगा. जिसमें देश ही नहीं बल्कि, विदेशों के भी योग साधक शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं. इस दौरान सभी योग साधकों को जहां उत्तराखंड की संस्कृति से रूबरू कराया जाएगा तो वहीं, उन्हें उत्तराखंड के उत्पाद भी चखाए जाएंगे.

बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि किया. इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि लगातार यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय योग की राजधानी के रूप में प्रसिद्धि हासिल कर रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग ने विश्व में अपनी एक अलग पहचान बनाई है. मुनिकी रेती विश्व के नक्शे में एक उभरती हुई नगरी के रूप में देखी जा रही है.

सीएम धामी ने कहा कि योग के साथ-साथ इस महोत्सव में अलग-अलग राज्यों की संस्कृति की प्रस्तुतियां देने के लिए भी कलाकार पहुंचे हैं. उनके उत्साहवर्धन में कोई कमी न हो, इसके भी प्रयास रहेंगे. उन्होंने बताया कि सरकार गंगा कॉरिडोर और इकोनामिक सिटी के लिए भी ऋषिकेश एवं आसपास के इलाके में काम कर रही है.

इसके अलावा गंगा के स्वच्छता को बनाए रखने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की संख्या भी बढ़ाई जा रही है. उन्होंने गंगा तट पर शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव की प्रदेशवासियों और योग साधकों व योगाचार्य को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह योग महोत्सव एक यादगार महोत्सव बनाने जा रहा है.

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और सतपाल महाराज ने कहा कि हर साल योग महोत्सव करने का उद्देश्य यही है कि लोग योग को अपने दिनचर्या में शामिल करें एवं स्वस्थ बने. योग अपनाने से जहां शरीर निरोगी बनता है तो वहीं योग भारतीय योगाचार्य को विदेशों में नौकरी के अच्छे अवसर भी उपलब्ध करा रहा है.

Exit mobile version