गाजियाबाद : यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए बैंक ग्राहकों के लिए राहत की व्यवस्था की गई है. हड़ताल से ठीक पहले रविवार 27 सितंबर 2026 को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से संचालित किए जाएंगे. इसका उद्देश्य लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने से ग्राहकों को होने वाली परेशानियों को कम करना है.
जिला अग्रणी प्रबंधक बुधराम के मुताबिक, वित्त मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार 27 सितंबर को बैंकों को विशेष कार्य दिवस के रूप में संचालित किया जाएगा. भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से भी बैंक शाखाओं, कार्यालय, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को 27 सितंबर को संचालित करने की अनुमति दी गई है.
दरअसल, 26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे. इसके अगले दिन 27 सितंबर रविवार है. लेकिन हड़ताल से पहले ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर को बैंक खोले जाएंगे. इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है. ऐसे में बैंक शाखाओं से जुड़े कामकाज पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की संभावना है.
मिली जानकारी के मुताबिक, विभिन्न बैंकों द्वारा ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वह शाखा में जाकर किए जाने वाले जरूरी कार्य 27 सितंबर को पूरा कर लें. खासतौर पर नगदी निकासी, चेक से जुड़े काम, लोन संबंधी कार्य और अन्य शाखा से जुड़े बैंकिंग कार्यों और सेवाओं के लिए ग्राहकों को पहले से तैयारी करने को कहा गया है.
बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की है कि लगातार कई दिनों तक संभावित हड़ताल को ध्यान में रखते हुए अपनी बैंकिंग जरूरतों की पहले से योजना बनाएं. जिला अग्रणी प्रबंधक बुधराम ने बताया कि 27 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य ग्राहकों को हड़ताल से पहले आवश्यक बैंकिंग कार्य निपटने का अवसर देना है.
तीन दिन की बैंक हड़ताल का सबसे ज्यादा असर उन व्यापारियों पर पड़ सकता है. जिनका कारोबार मुख्य रूप से नकदी लेनदेन पर निर्भर है. लगातार बैंक शाखाएं बंद रहने से कैश जमा करने बड़ी रकम निकालने चेक जमा करने और भुगतान के लिए नकदी की व्यवस्था करने में दिक्कत आ सकती है. थोक व्यापारियों, मंडी कारोबार, छोटे दुकानदारों और ऐसे प्रतिष्ठानों को विशेष रूप से पहले से नकदी की जरूरत का आकलन करने की सलाह दी गई है.
व्यापारियों के लिए 27 सितंबर का विशेष बैंकिंग दिवस महत्वपूर्ण रहेगा, संभावना है कि व्यापारी इस दिन जरूरत के मुताबिक़ नकदी निकालने, अतिरिक्त कैश बैंक खाते में जमा करने और चेक से संबंधी काम निपट सकते हैं.
