उत्तर प्रदेश गाजियाबाद: इंडस्ट्रियल एरिया में आधी रात को फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 7 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू (वीडियो न्यूज़)
उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद: इंडस्ट्रियल एरिया में आधी रात को फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 7 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू (वीडियो न्यूज़)

गाजियाबाद: बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एवेनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में गुरुवार रात तकरीबन एक बजे अचानक भीषण आग लग गई. फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई. आग की लपटें और धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था. जिसके कारण आसपास के क्षेत्र में भी काफी अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर टेंडर, वाटर Bouzer और स्वदेशी कंपाउंड बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया से एक फायर टेंडर मौके पर भेजा गया. दमकल विभाग की टीम के घटना स्थल पर पहुंचने पर पता चला कि आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी. टीम ने तत्काल दो हौस लाइन फैलाकर आग बुझाने का काम शुरू किया.

आग की तीव्रता होने और फैक्ट्री के अंदर धुआँ हो जाने के कारण स्थिति चुनौती पूर्ण हो गई थी. मामले को की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी द्वारा फायर स्टेशन वैशाली और साहिबाबाद से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां मौके पर बुलवाई गई. इस तरह कुल सात दमकल गाड़ियों को आग बुझाने में लगाया गया.

फैक्ट्री के अंदर आग और धुएं के बावजूद अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने BA सेट पहनकर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग को नियंत्रित किया और कुछ देर में आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया.

आग बुझाने के बाद दमकल विभाग की टीम ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि आग दोबारा ना भड़के. अग्निकांड में फैक्ट्री के अंदर रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया है. हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के मुताबिक, अग्निशमन विभाग की टीम में समय रहते आग पर काबू पाकर आसपास की फैक्ट्री में आग फैलने से रोक लिया. आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, मामले की जांच की जा रही है.

Exit mobile version