उत्तर प्रदेश सीएम योगी का बांदा दौरा: 701 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ, रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण
उत्तर प्रदेश

सीएम योगी का बांदा दौरा: 701 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ, रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण

उत्तर प्रदेश: सीएम योगी गुरुवार को बांदा में थे. इस दौरान उन्होंने शहर के कालूकुआं चौराहे स्थित रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण किया. साथ ही पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा स्थल से 701 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया. जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही तमाम योजनाओं के बारे में चर्चा की. वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए बुंदेलखंड की उपेक्षा करने का आरोप लगाया.

योगी ने कहा कि सीएम बनने के बाद प्रधानमंत्री ने मुझसे कहा था कि पहला दौरा बुंदेलखंड का हो और वहां के लिए कुछ किया जाए. जब मैं यहां पहली बार आया तो देखा कि पिछड़ापन यहां की पहचान है. सीएम ने कहा कि पलायन और प्यास बुंदेलखंड की पहचान बन गई थी. खनन माफिया, वन माफिया, भूमाफिया व डकैतों का यहां ऐसा आतंक था, जिससे किसान भी खेत में जाने से डरता था. सीएम ने कहा कि पाठा का यह क्षेत्र डकैतों के लिए फिरौती व वसूली का माध्यम बन गया था. यहां कनेक्टिविटी, सिंचाई, पेयजल, सुरक्षा, रोजगार नहीं था.

कहा कि उस दौर में थाने में एफआईआर तक नहीं होती थी. बुंदेलखंड अस्तित्व के लिए जूझ रहा था, मगर अब बुंदेलखंड की प्रगति को देखकर प्रसन्नता होती है. हर किसी को 9 वर्ष पहले और आज के बांदा में परिवर्तन दिखेगा. सीएम ने कहा कि विकास व विरासत के संरक्षण के लिए शासन के संज्ञान में जो भी प्रोजेक्ट आएगा, उसे लागू कर बुंदेलखंड को धरती का स्वर्ग बनाएंगे.

सीएम योगी ने गुरुवार को बांदा व बबेरू विधानसभा क्षेत्र के लिए 710 करोड़ से अधिक की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया. सीएम ने योजनाओं को गिनाकर इसका श्रेय जनता व यहां के जनप्रतिनिधियों को दिया. सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने जब देश की बागडोर संभाली तो आशा की किरण जगी. 2017 में यूपी में डबल इंजन सरकार बनने के बाद यहां भी कनेक्टिविटी, पेयजल, हर खेत को पानी और बांदा के युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिल रहा है. डबल इंजन की भाजपा सरकार ने सभी के सपनों को साकार किया है.

सीएम ने बांदा की सड़कों व यहां के चौराहों में आए बदलाव को लेकर कहा कि शहर के लोग अपने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर व्यवस्थित सिटी का मॉडल बना सकते हैं. बांदा वीरों-वीरांगनाओं को सम्मान दे रहा है. यहां महापुरुषों के नाम पर पार्क बन रहे हैं. यहां का कालिंजर का अजेय दुर्ग विजय पथ पर बढ़ने की प्रेरणा देता है. वहां विराजमान नीलकंठ महादेव का आशीर्वाद हर किसी को मिलता है. सीएम ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार है तो भारत की विरासत को संरक्षित किया जा रहा है. सीएम ने सुबह चित्रकूट में कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम चित्रकूट व बुंदेलखंड की स्मृतियों में हैं.

Exit mobile version