दिल्‍ली-एनसीआर तीसरे कार्यकाल में पीएम मोदी का पहला विदेश दौरा, G-7 समिट में लेंगे हिस्सा
दिल्‍ली-एनसीआर

तीसरे कार्यकाल में पीएम मोदी का पहला विदेश दौरा, G-7 समिट में लेंगे हिस्सा

दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 सम्मेलन में शामिल होने के लिए आज इटली रवाना होंगे. यह प्रधानमंत्री मोदी का तीसरे कार्यकाल का पहला विदेश दौरा है. भारत के विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने यह जानकारी दी. इटली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे.

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इटली में जी7 शिखर सम्मेलन से इतर मिलने की संभावना है. अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी. अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए एयर फोर्स वन के विमान में इटली प्रस्थान के दौरान सुलिवन ने संवाददाताओं से कहा कि ‘ राष्ट्रपति बाइडेन को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी वहां आएंगे. हमें उम्मीद है कि दोनों नेता एक-दूसरे से मिल सकते हैं. मुलाकात कैसी होगी फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है क्योंकि कार्यक्रम बेहद व्यस्त है.

वहीं भारत के विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा पर गुरुवार को इटली के लिए रवाना होंगे. इटली ने 14 जून को होने वाले 50वें जी7 शिखर सम्मेलन के लिए भारत को ‘आउटरीच कंट्री’ के तौर पर आमंत्रित किया है. क्वात्रा ने मोदी की इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की पुष्टि की. उन्होंने कहा, हालांकि द्विपक्षीय या फिर अन्य नेताओं के साथ प्रधानमंत्री की बैठकों के विवरण पर अभी कार्य किया जा रहा है.

सुलिवन ने एयर फोर्स वन में सवार संवाददाताओं से कहा कि बाइडेन ने मोदी से फोन पर बात की थी और चुनाव परिणाम व तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर उन्हें बधाई दी थी. वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की गुरुवार को इटली में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे. जी7 समूह के सदस्य देश इस बात पर सहमत हो गए हैं कि जब्त की गई रूसी संपत्तियों से मिले 50 अरब अमेरीकी डॉलर की सहायता राशि यूक्रेन को किस तरह दी जाए.

Exit mobile version