दिल्‍ली-एनसीआर पीएम मोदी ने दाहोद से देश को दी सौगात, इलेक्ट्रिक इंजनों को दिखाई हरी झंडी
दिल्‍ली-एनसीआर

पीएम मोदी ने दाहोद से देश को दी सौगात, इलेक्ट्रिक इंजनों को दिखाई हरी झंडी

दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दाहोद में भारतीय रेलवे के लोकोमोटिव विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया. इससे पहले उन्होंने वडोदरा में रोड शो किया जिसमें लोगों ने उनका जोरदार स्वाग किया. लोकोमोटिव विनिर्माण संयंत्र घरेलू उद्देश्यों और निर्यात के लिए 9000 एचपी के इलेक्ट्रिक इंजनों का उत्पादन करेगा. ये इंजन भारतीय रेलवे की माल ढुलाई क्षमता को बढ़ाने में मदद करेंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के दो दिनों के दौरे पर आज वडोदरा पहुंचे. ऑपरेशन सिंदूर के बाद उनका यह पहला गुजरात दौरा है. यहां रोड शो के दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया. सड़क किनारे भारी सख्या में मौजूद लोगों ने उनके ऊपर फूल बरसाकर खुशी का इजहार किया.

पीएम मोदी वडोदरा से दाहोद जाएंगे. बता दें कि पीएम मोदी अपनी इस यात्रा के दौरान राज्य में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वडोदरा में रोड शो के दौरान भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार के सदस्यों ने पुष्प वर्षा की.

कर्नल सोफिया की बहिन के अलावा उनके भाई संजय कुरैशी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी यहां आए तो यह एक शानदार पल था. हम उन्हें पहली बार देख पाए. इशारों से उन्होंने हमारा अभिवादन किया. मैं अपने रक्षा बलों और भारत सरकार को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मेरी बहन को यह मौका दिया. एक महिला उन महिलाओं का बदला ले रही है जिन्होंने इतना कुछ सहा है, इससे बेहतर क्या हो सकता है? वहीं, रोड शो में अंतरराष्ट्रीय छात्रों सहित भारी संख्या में लोग शामिल हुए.

पीएम मोदी का थोड़ी देर में एक लोकोमोटिव निर्माण संयंत्र को राष्ट्र को समर्पित करने का कार्यक्रम है. इसके साथ ही एक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव को हरी झंडी भी दिखाएंगे. इसके बाद वे दाहोद में करीब 24,000 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि वे एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे.

प्रधानमंत्री भुज जाएंगे और शाम करीब 4 बजे भुज में 53,400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. वे एक सार्वजनिक समारोह को भी संबोधित करेंगे. इसके अलावा, प्रधानमंत्री गांधीनगर जाएंगे और 27 मई को सुबह करीब 11 बजे गुजरात शहरी विकास की 20वीं वर्षगांठ के समारोह में भाग लेंगे और शहरी विकास वर्ष 2025 का शुभारंभ करेंगे. इस अवसर पर वे उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे.

Exit mobile version