दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी के स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीजेपी देश की सबसे पसंदीदा पार्टी है, जो राष्ट्र प्रथम के मंत्र के साथ जन-जन की सेवा में जुटी है. इसके साथ ही उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर यह भी कहा कि देश की जनता उन्हें एक और कार्यकाल का आशीर्वाद देने जा रही है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर देशभर के मेरे कर्मठ और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं. आज बीजेपी के उन सभी महान विभूतियों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, संघर्ष और त्याग से पार्टी को सींचकर इस ऊंचाई तक पहुंचाया है. मैं आज पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि बीजेपी देश की सबसे पसंदीदा पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र के साथ जन-जन की सेवा में जुटी है.
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर देशभर के मेरे कर्मठ और परिश्रमी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। आज @BJP4India की उन सभी महान विभूतियों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने वर्षों की अपनी कड़ी मेहनत, संघर्ष और त्याग से पार्टी को सींचकर इस ऊंचाई तक पहुंचाया है। मैं…
— Narendra Modi (@narendramodi) April 6, 2024
पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत का दावा करते हुए यह भी कहा, ‘देश की जनता-जनार्दन एक नई लोकसभा चुनने को पूरी तरह से तैयार है. मैं आश्वस्त हूं कि देशभर के मेरे परिवारजन हमें एक और कार्यकाल का आशीर्वाद देने जा रहे हैं, ताकि बीते एक दशक में विकसित भारत के लिए जो नींव तैयार की गई है, उसे नई मजबूती दी जा सके. मैं एक बार फिर बीजेपी और एनडीए के अपने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देता हूं, जो सरकार और जनता के बीच विकास की सबसे मजबूत कड़ी हैं.
उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं को देश के 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने में दिन-रात जुटे रहने की बात कहते हुए अगले पोस्ट में कहा, ‘यह हम सभी के लिए गौरव की बात है कि बीजेपी अपने विकासवादी विजन, सुशासन और राष्ट्रवादी मूल्यों के प्रति हमेशा समर्पित रही है. बीजेपी की सबसे बड़ी शक्ति इसके कार्यकर्ता हैं, जो 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने में दिन-रात जुटे रहते हैं. देश की युवाशक्ति बीजेपी को एक ऐसी पार्टी के रूप में देखती है, जो उनके सपनों को साकार करने के साथ ही 21वीं सदी में भारत को मजबूत नेतृत्व देने में सक्षम है.
