ग्रेटर नोएडा वेस्ट: इरॉस सम्पूर्णम सोसायटी में हरियाली तीज का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और धूमधाम के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में सोसायटी की 250 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को पारंपरिक और उत्सवी रंगों से सराबोर कर दिया.
हरियाली तीज कार्यक्रम का आयोजन पूनम गौतम, बिसरख मंडल मंत्री, भाजपा द्वारा किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक साथ जोड़ने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों की सुंदर परंपराओं को जीवंत बनाए रखना रहा.

कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही. मुख्य अतिथियों के रूप में वंदना वानखेड़े, जिला मंत्री, गौतम बुद्ध नगर तथा संगीता तिवारी, महिला मोर्चा अध्यक्ष, बिसरख मंडल उपस्थित रहीं. अतिथियों ने महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकजुटता और महिला सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया.
मेले में व्यंजनों का लिया स्वाद
हरियाली तीज के अवसर पर सोसायटी परिसर में विशेष मेले का भी आयोजन किया गया. मेले में तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों और अन्य आकर्षणों की व्यवस्था की गई थी. महिलाओं ने अपने परिवार और सखियों के साथ मेले का आनंद लिया तथा विभिन्न स्वादिष्ट पकवानों का खूब लुत्फ उठाया. पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला.
‘Sampoornam Ms. Teej 2026’ बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘Sampoornam Ms. Teej 2026’ प्रतियोगिता रही. प्रतियोगिता में गायत्री भारद्वाज, श्रुति सिंह, वर्षा श्रीवास्तव, अनूपा शुक्ला, किरण शर्मा, अनुराधा खंडेलवाल और अदिति सहित प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया.
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता में अनूपा शुक्ला, किरण शर्मा और अदिति विजेता रहीं. विजेताओं और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया.
नृत्य, संगीत और रैंप वॉक ने बांधा समां
कार्यक्रम में नृत्य, संगीत, खेल, रैंप वॉक सहित अनेक मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं. महिलाओं ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों के बीच पूरा वातावरण उल्लास से भर गया.
आयोजकों ने कहा कि हरियाली तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और पारिवारिक-सामाजिक मूल्यों से जुड़ा उत्सव है. ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, एक-दूसरे से जुड़ने और सामूहिक रूप से खुशियां मनाने का अवसर प्रदान करते हैं.
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम सोसायटी में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं. हरियाली तीज का यह आयोजन नृत्य, संगीत, खान-पान, मनोरंजन और महिला प्रतिभा के सुंदर संगम के रूप में यादगार बन गया.
इस अवसर पर यह संदेश भी उभरकर सामने आया कि भारतीय संस्कृति की खूबसूरत परंपरा यही है कि सभी मिलकर उत्सव मनाएं, खुशियां बांटें और नारी शक्ति का सम्मान करें.