दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा एलान करते हुए कहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले पूरे देश में नागरिकता संसोधन अधिनियम (CAA) लागू कर दिया जाएगा.
लोकसभा चुनाव की तैयारी में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पूरे जोर-शोर से जुट गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुन-चुनकर सभी विपक्षी पार्टी और खासकर कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं. अगले लोकसभा चुनाव में बीजेपी के अकेले 370 सीट जितने का दावा कर रहे हैं. हर तरफ से माहौल बनाने का प्रयास हो रहा है. इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा एलान किया है. शाह ने कहा कि चुनाव से पहले पूरे देश में नागरिकता संसोधन अधिनियम लागू किया जाएगा.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ये बातें एक टीवी चैनल के समिट के दौरान कही हैं. बता दें कि अगले दो से तीन महीने में यानी अप्रैल-मई महीने में चुनाव होने की संभावना है. चुनाव से कुछ दिन पहले शाह द्वारा दिए गए इस बयान के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.
CAA का नोटिफिकेशन जल्द ही हो जाएगा। pic.twitter.com/pdQEsRSBCf
— Amit Shah (@AmitShah) February 10, 2024
अमित शाह ने कहा, मैं साफ कर देना चाहता हूं कि नागरिकता संसोधन अधिनियम किसी भी व्यक्ति की नागरिकता नहीं छीनेगा. इसका उद्देश्य केवल धार्मिक उत्पीड़न का सामना कर रहे पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों को नागरिकता देना है. यह वादा मूल रूप से कांग्रेस ने ही उनसे किया था.
