दिल्ली. पीएम नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत हो चुकी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर सोमवार (10 जून) को नई कैबिनेट की पहली बैठक हुई. बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ अतिरिक्त आवास बनाने का फैसला लिया गया. पीएमएवाई के तहत पिछले 10 सालों में पात्र गरीब परिवारों के लिए कुल 4.21 करोड़ घर बनाए गए हैं. अगर अभी तक आपका भी पक्का मकान नहीं बना है तो आप पीएमएवाई का लाभ उठा सकते हैं. आइए जानते हैं इस योजना के लिए पात्रता क्या है और आवेदन कैसे कर सकते हैं.
बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जिसे अक्सर पीएमएवाई के रूप में भी जाना जाता है, एक क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी योजना के रूप में कार्य करती है. देश में सबके पास पक्के मकान हो इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा पीएमएवाई चलाई जा रही है. इस स्कीम में सरकार लाभार्थी को पक्के मकान देता है या फिर पक्के मकान बनाने के लिए वित्तीय मदद करता है.
पीएमएवाई योजना के लिए दो तरीके से यानी ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन करने के लिए आपको नजदीक के कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) जाना होगा. वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के आधिकारिक पोर्टल (http://pmayg.nic.in/) के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
नरेंद्र मोदी ने रविवार को रिकॉर्ड तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली है. राष्ट्रपति भवन में उनके साथ 72 मंत्रियों ने भी शपथ ली. बाद में टीम मोदी में नए शामिल जेपी नड्डा ने मंत्रिपरिषद के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया. शपथग्रहण समारोह से पहले मोदी ने अपने आवास पर चाय पर चर्चा के दौरान अपने तीसरे मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों से कहा था कि उन्हें ‘100 दिवसीय कार्यक्रम’ पर काम शुरू करना है.
