उत्तराखंड: बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. अब भक्त भारतीय डाक से स्पीड पोस्ट से घर बैठे ही दोनों धाम (बदरीनाथ और केदारनाथ) का प्रसाद मंगा सकते हैं. भारत में ही नहीं, विदेशों में बैठे भक्त भी बदरीनाथ और केदारनाथ धाम का प्रसाद मंगा सकते हैं.
हर साल बड़ी संख्या में दुनिया भर से भक्त उत्तराखंड चारधाम के दर्शन करने के लिए उत्तराखंड आते हैं, फिर भी सीमित संख्या में ही भक्त यहां दर्शन कर पाते हैं, क्योंकि उत्तराखंड चारधाम के कपाट सिर्फ छह महीने की खुलते हैं. वहीं कुछ भक्त ऐसे भी हैं जो चाह कर भी उत्तराखंड चारधाम की यात्रा पर नहीं आ पाते हैं. अब ऐसे भक्तों के लिए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने एक योजना शुरू की, जिससे भक्तों की घर बैठे ही बाब केदार और भगवान बदरी-विशाल का प्रसाद मिल सके.
बड़ी बात यह है कि भारतीय डाक विभाग केवल देश में ही नहीं, बल्कि भारत के बाहर 140 देशों तक न्यूनतम 24 घंटे और अधिकतम 72 घंटे के अंदर उत्तराखंड के इन दोनों महत्वपूर्ण धामों के प्रसाद को पहुंचाने का काम करेगा.
भगवान बदरी विशाल और भगवान केदारनाथ जी की दीर्घकालिक पूजा करवाने वाले श्रद्धालुओं को पांच से दस वर्ष तक प्रति यात्रा वर्ष प्रसाद भेजा जाएगा. अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि देश में प्रसाद पहुंचने का काम शुरू हो चुका है. विदेश से भी जैसे ही कोई ऑर्डर आएगा वहां तत्काल प्रसाद भेजा जाएगा.
वहीं, भारतीय डाक विभाग की तरफ से बताया गया है कि बदरीनाथ-केदारनाथ के अलावा उत्तराखंड कई और महत्वपूर्ण धामों का प्रसाद भी देश और विदेश में पहुंचने का काम किया जा रहा है. इसी तरह नैनीताल स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम का प्रसाद भी विदेशों में भेजा जाएगा. इससे पहले भारतीय डाक विभाग दक्षिण भारत के मंदिरों से प्रसाद स्पीड पोस्ट द्वारा भेजता रहा है. डाक विभाग की उत्तराखंड शाखा से यहां के धामों का प्रसाद देश-विदेश में बैठे भक्तों तक पहुंचाया जाएगा.
