उत्तराखंड वीआईपी यात्रा को लेकर धामी सरकार का बड़ा फैसला, अब 10 जून तक फिर बढ़ाई गई रोक
उत्तराखंड

वीआईपी यात्रा को लेकर धामी सरकार का बड़ा फैसला, अब 10 जून तक फिर बढ़ाई गई रोक

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है. इस बीच सरकार ने एहतियातन 10 जून तक वीआईपी दर्शन पर रोक लगा दी है. राज्य सरकार ने कपाट खुलने से पहले ही वीआईपी मूवमेंट पर रोक लगाई हुई है. 10 मई से शुरू हुए चार धाम यात्रा के लिए सरकार ने भीड़ को देखते हुए वीआईपी यात्रा से बचने की अपील जारी की थी. जिसे एक बार फिर बढ़ाकर 10 जून तक कर दिया गया है.

सरकार ने सभी राज्यों के मुख्य सचिव को इस आशय पहले भी पत्र लिखा था. पत्र में 31 मई तक किसी भी वीआईपी मूवमेंट, दर्शन से बचने का आग्रह किया गया था. अब सरकार ने इस तारीख को बढ़ाकर 10 जून कर दिया है. मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वीआईपी दर्शन पर 10 जून तक पूरी तरह से रोक लगा दी है.

आज जारी हुए आदेश में कहा गया है कि अभी चारधाम यात्रा में अत्यधिक श्रद्धालु आ रहे हैं, ऐसे में सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा ना हो. मंदिरों में श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई दिक्कत ना हो. इसके लिए अभी 10 जून तक कोई भी वीआईपी चार धाम यात्रा पर ना आएं.

चारधाम यात्रा में भीड़ को देखते हुए राज्य सरकार ने 31 तारीख तक ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन बंद कर रखा है. जिस पर अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया है. चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह और भीड़ को देखते हुए सरकार अब प्राधिकरण बनाने पर विचार कर रही है. इसके लिए सभी से सुझाव मांगे गए हैं. इसके साथ ही धारण क्षमता को लेकर भी विचार हो रहा है.

Exit mobile version