उत्तराखंड हरिद्वार में सीएम धामी, गुरुकुल कांगड़ी में युवा शक्ति संवाद में हुए शामिल
उत्तराखंड

हरिद्वार में सीएम धामी, गुरुकुल कांगड़ी में युवा शक्ति संवाद में हुए शामिल

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार पहुंचे. यहां उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए. बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग कार्यक्रम में शामिल हुए.

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित युवा शक्ति संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवाओं को संबोधित किया. इस दौरान सीएम धामी ने प्रदेश के विकास, रोजगार, शिक्षा, नवाचार, स्टार्टअप, कौशल विकास और युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए. साथ ही युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए उनसे सीधा संवाद भी किया. उनके द्वारा किए गए रोजगार से जुड़े मुद्दों पर युवाओं द्वारा किए गए सवालों का जवाब दिया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ उन्हें राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा आज युवाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत संवेदनशील हैं. उन्होंने युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया. सभी युवाओं के माध्यम से स्टार्ट अप कल्चर को आगे बढ़ाया गया. उत्तराखंड में टेक्नोलॉजी की नई पॉलिसी लेकर आए हैं. राज्य के युवाओं को बिना किसी पर्ची और खर्ची के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं. भर्तियों में किसी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं है. इसके लिए राज्य में सख्त नकल कानून लागू किया गया है. इस कानून से राज्य के युवाओं को बिना किसी भ्रष्टाचार के नौकरियां मिल रहीं हैं, यह क्रम लगातार आगे बढ़ेगा. सीएम धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि, सभी क्षेत्रों में युवाओं को आगे बढ़ाया जाए.

संसद परिसर में सांसद पप्पू यादव के प्रोटेस्ट पर सीएम धामी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. सीएम धामी ने कहा पप्पू यादव और पप्पू गैंग ने हमारे संत गण, महापुरुष और भगवाधारियों मजाक उड़ाने का काम किया है. उनका यह कार्य दर्शाता है कि उन्हें हमारे संत गण और महात्माओं से बहुत घृणा है. ऐसे लोगों के लिए ऑपरेशन कालनेमि चलाया गया है. आज पूरा देश देख रहा है कि जब भी सनातन पर चोट होती है तो, इनके मुख से एक शब्द तक नहीं निकलता है. यह सब वोट बैंक के लिए होता है. इन्हें डर लगता है कि यदि सनातन को लेकर कुछ बोल गए तो एक बड़ा वोट बैंक इनके हाथ से खिसक जाएगा.

Exit mobile version