उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे पर हैं. बीती रोज उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. अपने दौरे के दूसरे दिन उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से मुलाकात की है. इस दौरान कई मुद्दों को लेकर बातचीत की. इसके अलावा सीएम धामी अन्य मंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं.
बता दें कि बीती रोज यानी 14 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. इस दौरान उनके बीच नंदा देवी राजजात यात्रा के साथ हरिद्वार में लगने वाले अर्ध कुंभ मेले को लेकर चर्चा हुई. सीएम धामी ने इसको लेकर बजट मांगा तो पीएम को उत्तराखंड आने का न्योता भी दिया. मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने उत्तराखंड के कई उत्पाद पीएम मोदी को दिए.
नई दिल्ली में आदरणीय लोकसभा अध्यक्ष श्री @ombirlakota जी से मुलाकात की।
इस अवसर पर उन्हें चारधाम का प्रसाद एवं देवभूमि उत्तराखंड के विभिन्न स्थानीय उत्पाद भी भेंट किए। pic.twitter.com/vjobdgCezt
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 15, 2025
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री चंद्रकांत रघुनाथ पाटिल और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की है. केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से उनकी मुलाकात उत्तराखंड में नई विद्युत परियोजनाओं को लेकर हुई. मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सीएम धामी ने उत्तराखंड की 21 जल विद्युत परियोजनाओं में 5 विद्युत परियोजना के जल्द शुरुआत करने को लेकर केंद्र से मदद मांगी है. जिस पर मंत्री पाटिल ने भी उत्तराखंड की इस मांग को जल्द से जल्द पूरा करने की बात कही है.
इसके साथ ही सीएम धामी ने ओम बिरला से भी मुलाकात की है. मुलाकात के दौरान लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को सीएम पुष्कर धामी ने चारधाम यात्रा का प्रसाद दिया और उत्तराखंड के उत्पाद देकर उनकी विशेषताएं भी बताई. सीएम धामी ने स्पीकर बिरला से कहा है कि उत्तराखंड के उत्पादों और यहां के पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए राज्य के साथ केंद्र व लोकसभा को भी आगे आना चाहिए.
