उत्तराखंड कल से शुरू होगी चार धाम यात्रा, सीएम धामी ने श्रद्धालुओं का किया स्वागत
उत्तराखंड

कल से शुरू होगी चार धाम यात्रा, सीएम धामी ने श्रद्धालुओं का किया स्वागत

उत्तराखंड: अक्षय तृतीया तिथि पर 10 मई को उत्तराखंड में चार धाम गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ, केदारनाथ की यात्रा शुरू होगी. यह चार धाम हिंदुओं के पवित्र स्थलों में से हैं. बताया जा रहा है कि 10 मई से गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ के कपाट ही खुलेंगे, वहीं बद्रीनाथ धाम में भक्त 12 मई से दर्शन कर सकेंगे.

इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. उनकी सरकार यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पूरे इंतजाम करने के लिए प्रतिबद्ध है. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा कि आप सभी भक्तजनों का चारधाम यात्रा-2024 में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है. हमारी सरकार देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

ज्ञात हो कि उत्तराखंड सरकार ने चार धाम यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू कर दी थी और 8 मई से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. केदारनाथ धाम के कपाट 10 मई को अक्षय तृतीया के अवसर पर सुबह 7 बजे खुल जाएंगे. केदारनाथ धाम भी सभी 12 ज्योतिर्लिंगों में से 11वें ज्योतिर्लिंग माना जाता है.

Exit mobile version