उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की तबीयत बिगड़ी, एम्स ऋषिकेश में भर्ती
उत्तराखंड

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की तबीयत बिगड़ी, एम्स ऋषिकेश में भर्ती

उत्तराखंड: कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है. फिलहाल, डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है. वहीं, सीएम धामी ने एम्स पहुंचकर उनका हाल चाल जाना.

बताया जा रहा है कि बुधवार शाम अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी. जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया. मंत्री के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, सतपाल महाराज को हाई शुगर की शिकायत थी और इसके साथ ही उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हो रही थी.

इन्हीं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल भर्ती करने का निर्णय लिया. ऐसे में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल सतपाल महाराज की हालत स्थिर और सामान्य बनी हुई है. हालांकि, डॉक्टरों ने एहतियात बरतते हुए उन्हें कुछ दिन और अस्पताल में भर्ती रखने की सलाह दी है.एम्स ऋषिकेश के डॉक्टरों का कहना है कि उनकी पूरी तरह से जांच की जा रही है और स्वास्थ्य पैरामीटर्स की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है. ताकि, किसी भी तरह की जटिलता से बचा जा सके.

वहीं, सीएम धामी ने इस दौरान सतपाल महाराज के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि मंत्री के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.

बताया जा रहा है कि सतपाल महाराज की स्थिति में फिलहाल सुधार है, लेकिन डॉक्टर उन्हें पूरी तरह स्वस्थ होने तक निगरानी में रखना चाहते हैं. यही वजह है कि उन्हें कुछ और दिनों तक अस्पताल में ही रखा जाएगा.

वहीं, राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई जा रही है. उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की ओर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है. बता दें कि सतपाल महाराज उत्तराखंड के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं. जो धामी सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. ऐसे में उनके स्वास्थ्य को लेकर सरकार और पार्टी दोनों स्तर पर लगातार अपडेट लिया जा रहा है.

Exit mobile version