उत्तराखंड गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में टूटे सारे रिकॉर्ड, एक दिन में पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों का आंकड़ा भी निकला आगे
उत्तराखंड

गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में टूटे सारे रिकॉर्ड, एक दिन में पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों का आंकड़ा भी निकला आगे

उत्तराखंड: यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में इस बार पहुंचे तीर्थयात्रियों ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. दो दिन से रिकॉर्ड भीड़ जुटने से धामों में मंदिर समिति ने देर रात तक यात्रियों को दर्शन कराया है. करीब 6 किमी पैदल दूरी तय कर यमुनोत्री धाम में रिकॉर्ड यात्री दर्शन को पहुंच रहे हैं. यमुनोत्री धाम में 2023 में 28 मई को सर्वाधिक 12,045 तीर्थयात्री पहुंचे थे, जो पिछले कई सालों बाद रिकॉर्ड बना था.

इस साल यमुनोत्री में 12,148 तीर्थयात्रियों की संख्या का नया रिकॉर्ड बना है. यमुनोत्री में दर्शन को तीर्थयात्रियों की भीड़ जुटने का सिलसिला जारी है। इसके मद्देनजर प्रशासन द्वारा बैरियर और गेट सिस्टम लागू कर भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है.

अब यमुनोत्री धाम में दर्शन सुचारू रूप से हो रहे हैं. यमुनोत्री की भीड़ गंगोत्री धाम में पहुंचने से दबाव बढ़ गया है. यहां दो दिन में रिकॉर्ड तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं. पिछले साल गंगोत्री में 29 मई को रिकॉर्ड 13,670 तीर्थयात्री एक दिन में पहुंचे थे. जो इस साल 18,973 हो गया है. यह अब तक का सर्वाधिक तीर्थयात्रियों के पहुंचने का रिकॉर्ड बन गया है.

जबकि आज गंगा सप्तमी पर टिहरी और उत्तरकाशी जिले की देव डोलियों के पहुंचने से दबाव और बढ़ गया. जिला प्रशासन, पुलिस और मंदिर समिति काफी मुस्तैदी से श्रद्धालुओं की मदद कर रही है. गंगोत्री धाम में संकरे मार्ग और वाहनों के दबाव बढ़ने की वजह से जिला प्रशासन द्वारा उत्तरकाशी रामलीला मैदान, हीना, भटवाड़ी, गंगनानी, सुक्की, झाला, हर्षिल, धराली से बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की संख्या को नियंत्रित किया जा रहा है यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में इस बार पहुंचे तीर्थयात्रियों ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.

श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल ने बताया कि जिला प्रशासन के अनुरोध पर देर रात तक मंदिर में तीर्थयात्रियों को दर्शन कराए गए. मंदिर समिति ने देर रात तक पहुंचे श्रद्धालुओं को मुफ्त जलपान भी कराया. तीर्थयात्रियों को कोई असुविधा न हो, मंदिर समिति सहयोग के लिए हरसमय तैयार है.

Exit mobile version