उत्तराखंड जागेश्वर और बदरीनाथ धाम में अक्षय कुमार ने टेका मत्था, देवभूमि की वादियां देख हुए अभिभूत
उत्तराखंड

जागेश्वर और बदरीनाथ धाम में अक्षय कुमार ने टेका मत्था, देवभूमि की वादियां देख हुए अभिभूत

उत्तराखंड: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इनदिनों उत्तराखंड में हैं. इसी कड़ी में अक्षय कुमार बदरीनाथ धाम पहुंचे. जहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल की पूजा अर्चना की और आशीर्वाद लिया. एक्टर अक्षय कुमार को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई. इस दौरान उन्होंने सभी लोगों का अभिवादन किया. बदरीनाथ धाम से पहले अक्षय कुमार ने जागेश्वर धाम में भगवान शिव के दर्शन किए.

जानकारी के मुताबिक, बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार रविवार यानी आज सुबह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ स्थित हेलीपैड पहुंचे. हेलीपैड पर पहुंचने पर बदरी केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार समेत अन्य लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया.

इसके बाद अक्षय कुमार भू बैकुंठ बदरीनाथ धाम पहुंचे. जहां उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए और वेद पाठ पूजा अर्चना की. इस दौरान मंदिर समिति ने अक्षय कुमार को भगवान बदरी विशाल का प्रसाद और तुलसी की माला भेंट की.

बता दें कि अक्षय कुमार आज अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम भी गए. इस दौरान उनके सैकड़ों प्रशंसक भी उनकी एक झलक पाने को जागेश्वर धाम में मौजूद रहे. अक्षय कुमार रविवार सुबह 6.30 बजे अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम में पहुंचे और 45 मिनट तक जागेश्वर धाम में स्थित सभी मंदिरों के दर्शन किए.

इस दौरान महामृत्युंजय मंदिर में मंदिर पुजारी पंडित लक्ष्मी दत्त भट्ट और पंडित आनंद भट्ट ने विधि विधान से पूजा कराई. इस दौरान अक्षय कुमार ने बाबा का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया. इसके बाद वे बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुए.

Exit mobile version