उत्तर प्रदेश: डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परिसर में 27 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रोजगार मेले का उद्घाटन करेंगे. मेले में करीब 50 कंपनियां शामिल होंगी. इनमें टाटा मोटर्स, क्वीस कोर्प, फ्लिपकार्ट, हॉली हर्ब, टाटा स्ट्रिप, पुकराज हेल्थ केयर, डिक्सन, स्विगी, मनी सॉल्यूशन, डी मार्ट आदि शामिल हैं. रोजगार मेले के माध्यम से 5000 से अधिक रिक्तियों के लिए युवकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाना है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री जिले की कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे. इसके अलावा छात्र-छात्राओं को टैबलेट भी प्रदान करेंगे.
डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर मैदान में आयोजित होने वाला यह रोजगार मेला उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं सेवायोजन निदेशालय और एमएसएमई विभाग के सहयोग से आयोजित किया जाएगा. इसमें उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन व आईटीआई के प्रशिक्षण प्राप्तकर्ता छात्रों के साथ ही अन्य सामान्य विद्यार्थी भी प्रतिभाग कर सकेंगे. मुख्यमंत्री रोजगार मेला स्थल डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पहुंचकर मेले का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद मेले में लगे स्टालों का भ्रमण कर कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे.
रोजगार मेले की सफलता के लिए जिलाधिकारी विशाख जी की ओर से कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा चुके हैं. उन्होंने बताया कि 27 अगस्त के कार्यक्रम के दौरान ट्रेनिंग पार्टनर और कंपनियों से भी वार्ता की जाएगी. मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने बताया कि रोजगार मेले में स्थानीय एवं मल्टीनेशनल कंपनियों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है.
इस रोजगार मेले में चयनित युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर आवंटित किए जाएंगे. रोजगार मेले में जिले का कोई भी युवक, युवतियां जिन्होंने कौशल विकास एवं आईटीआई कर ली है, ऐसे छात्र छात्राएं अपना बायोडाटा रिज्यूम एवं अपने आवश्यक दस्तावेजों को लेकर इसमें प्रतिभाग कर सकता है. इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर – 0522-4944200, 18001239626 पर संपर्क किया जा सकता है.
रोजगार मेले में पोस्टेरिटी कंसल्टिंग प्रा. लि. गौतमबुद्ध नगर (डिक्शन के लिए), अलीगढ़ फायर सेफ्टी अकेडमी, एनआईआईटी लि. गुड़गांव (आईसीआईसी बैंक एवं एक्सिस बैंक के लिए), रिलायंस जियो नौरंगाबाद अलीगढ़, सेटिन क्रेडिट केयर नेटर्वक लि. अलीगढ़, यलो वेल इन्फोनेट प्रा. लि. अलीगढ़, टाटा स्ट्राईव स्किल डेवलपमेंट सेंटर अलीगढ़, ओम गोरा सेवा संस्थान अलीगढ़, भारतीय जीवन बीमा निगम अलीगढ़, मानसी गंगा विल्डर्स एण्ड इंजी. प्रा.लि., अलीगढ़, फैन्स बाजार प्रा. लि. अलीगढ़, रिगसेल्स प्रा.लि., अलीगढ़, (ऑनईएमआई टेक्नोलोजीस प्रा. लि.), विजन इण्डिया सर्विस नोयडा, बंधन स्किल डेवलपमेंट सेंटर अलीगढ़ आदि कंपनियां नौकरी देंगी.
