उत्तर प्रदेश UNESCO की सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल दीपावली; प्रयागराज में जगमगाए 10 हजार दीये
उत्तर प्रदेश

UNESCO की सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल दीपावली; प्रयागराज में जगमगाए 10 हजार दीये

उत्तर प्रदेश: यूनेस्को ने दीपावली को अमूर्त सांस्कृतिक धरोहरों की वैश्विक सूची में जगह दी है. इस उपलब्धि पर संगम नगरी प्रयागराज में इलाहाबाद संग्रहालय से लेकर किला घाट तक दीये जलाए गए. घाट रोशनी और रंगों से सराबोर हो गए. हर तरफ जश्न और उल्लास का माहौल रहा. कार्यक्रम में कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने दीप जलाकर आयोजन की शुरुआत की. उन्होंने संगम की ओर भी दीपदान किया. कुंभ मेला पहले से ही यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल है.

ऐसे में मेला क्षेत्र में दीपावली का यह उत्सव प्रतीकात्मक और खास क्षण बन गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि कई परिवार, पर्यटक और स्थानीय लोग घाट पर देर तक रुककर इस दृश्य को देखते रहे. इस दौरान माहौल शांत, रोशनी से नहाया रहा.

इलाहाबाद संग्रहालय की इमारत को तिरंगा रोशनी से सजाया गया. जैसे ही अंधेरा घिरा, भवन पर उभरते तीनों रंग बेहद सुंदर दिखने लगे. लोगों ने फोन से तमाम तस्वीरें लीं. थोड़ी देर बाद लोगों का हुजूम किला घाट की तरफ बढ़ने लगा.

वहां पर भव्य दीपोत्सव शुरू हुआ. किला घाट पर प्रवेश करते ही पहला दृश्य ही मन मोह लेने वाला था. पूरे घाट पर लगभग 10 हजार दीये जल रहे थे. दीयों से स्वास्तिक, दीप, यूनेस्को का लोगो और कई पारंपरिक आकृतियां भी बनाई गई थी.

पानी के किनारे दीयों की प्रति छाया घाट की खूबसूरती को और बढ़ा रही थी. स्वयंसेवकों की टीम लगातार दीयों में तेल और बाती डाल रही थी, ताकि आकृतियों की चमक बनी रहे. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, मंडलायुक्त और इलाहाबाद संग्रहालय की निदेशक सौम्या अग्रवाल ने विधिवत दीप जलाया.

Exit mobile version