गाजियाबाद: एसआईआर (SIR) का काम तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है. जिला प्रशासन से मिली SIR स्टेटस रिपोर्ट के मुताबिक, 5 दिसंबर 2025 को शाम चार बजे तक गाजियाबाद में 15 लाख 58 हजार 353 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूर्ण हो चुका है. जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 28 लाख 37 हजार 991 है. ज़िले की मोदीनगर विधानसभा एसआईआर में पहले नंबर पर है. इस विधानसभा में 3 लाख 34 हजार 735 मतदाता हैं. SIR स्टेटस रिपोर्ट के मुताबिक, मोदीनगर विधानसभा में 2 लाख 42 हजार 755 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूर्ण हो चुका है, जो कुल मतदाताओं का 72.52 प्रतिशत है.
वहीं, साहिबाबाद विधानसभा एसआईआर (SIR) में सबसे पीछे है. इस विधानसभा में सिर्फ 41.01 प्रतिशत मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूर्ण हो पाया है. मिली जानकारी के मुताबिक साहिबाबाद विधानसभा में 20 हजार 62 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, 2 लाख 6 हजार 883 मतदाता अनट्रेसेबल (Untraceable/Absent) हैं. एक लाख 84 हजार 557 मतदाता स्थाई रूप से कहीं और शिफ्ट हो चुके हैं. 8616 मतदाताओं का पहले से किसी और विधानसभा की मतदाता सूची में नाम जुड़ा हुआ है.
SIR स्टेटस रिपोर्ट के मुताबिक, जनपद गाजियाबाद में मतदाता सूची से तकरीबन 4.5 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे. जानकारी के मुताबिक जनपद गाजियाबाद में 59 हजार 550 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 3 लाख 72 हजार 28 मतदाता गाजियाबाद से दूसरे जिलों में स्थाई रूप से शिफ्ट हो चुके हैं. वहीं, 24 हजार 96 ऐसे मतदाता है जो जनपद गाजियाबाद के बाहर अन्य जिलों विधानसभा में मतदाता हैं.
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मानदड़ ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मतदेय स्थल जहां पर डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां अनुपस्थित मतदाताओं की सूची BLO और BLA की बैठक बुलाकर BLA को उपलब्ध कराई जाए.
गाजियाबाद के एडीएम फाइनेंस सौरभ भट्ट के मुताबिक, ज़िले में अब तक 54.91 प्रतिशत SIR फॉर्म डिजिटाइज्ड हो चुके हैं. 30 प्रतिशत ऐसे फॉर्म है जो Uncollectible Category में है. जिले में 102 पर्यवेक्षण अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो ऐसे तमाम बूथों पर जा रहे हैं जहां पर Uncollectible फॉर्म की संख्या 30 प्रतिशत से अधिक है. BLO द्वारा Uncollectible फॉर्म्स के संबंध में दी गई जानकारी को पर्यवेक्षण अधिकारी संबंधित पते पर पहुंच कर वेरीफाई कर रहे हैं.
बता दें कि गाजियाबाद में कुल पांच विधानसभा हैं. सभी विधानसभा में कुल 28 लाख 37 हज़ार 991 वोटर हैं. जिले में कुल 3089 BLO तैनात हैं. जिला प्रशासन द्वारा दावा किया जा रहा है कि अंतिम तिथि से पहले SIR की प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया जाएगा. ऐसे BLO जिन्होंने अपना काम पूर्ण कर लिया है, उनको सुपरवाइजर के तौर पर 15-15 BLO के कार्य की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं. जिला प्रशासन द्वारा विशेष कैंप के बारे में भी लोगों माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है. ताकि अधिक से अधिक लोग अपना फार्म समय से जमा करा दें.
