दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकवादी हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया. श्रीनगर में अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को दोपहर करीब 12.30 बजे अनंतनाग के लाल चौक पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की.
उन्होंने बताया कि अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल, आशिक हुसैन, हमले में घायल हो गए और उन्हें अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. लेकिन हुसैन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है और हमलावरों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन, द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये हमले की जिम्मेदारी ली है.
BREAKING: Terrorists Attack J&K Police Party in Anantnag
Terrorists opened fire on a Jammu & Kashmir Police party at Lal Chowk, Anantnag, along the Kokernag–Anantnag Road, around 12:30 PM on July 22.
Head Constable Ashiq Hussain of the IRP 3rd Battalion, who was deployed for… pic.twitter.com/ig7YKUXom0
— Netram Defence Review (@NetramDefence) July 22, 2026
यह हमला घाटी में आतंकी गतिविधियों में काफी समय से गिरावट के बाद हुआ है. हालांकि सुरक्षा बलों ने हाल ही में जम्मू संभाग के जंगल वाले इलाकों में सक्रिय आतंकवादियों को खत्म करने के लिए कई दिनों तक आतंकवाद-विरोधी सर्च ऑपरेशन चलाए थे.
बता दें, खराब मौसम के कारण 19 जुलाई से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है. जम्मू-कश्मीर में पिछले तीन दिनों में भारी बारिश के बाद भूस्खलन और अचानक बाढ़ की घटनाएं हुईं, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ है, खासकर जम्मू इलाके के पुंछ और राजौरी जिलों में.
उधर, एक अन्य घटना में बुधवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास गलती से ऊंचाई से फिसलने से सेना के एक जवान की मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि राइफलमैन सुखप्रीत सिंह (27) सुंदरबनी सेक्टर में फॉरवर्ड महादेव पोस्ट पर आधिकारिक ड्यूटी पर थे, जब उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ऊंचाई से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई.
उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल भेज दिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि मृतक के शव को अंतिम संस्कार के लिए पंजाब में उनके गृह जिले ले जाया जाएगा.
