ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में आज सोमवार को बम होने की अज्ञात सूचना के बाद हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आया. जानकारी के अनुसार, इस आपातकालीन सूचना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत चाक-चौबंद किया गया. मौके पर बम निरोधक दस्ता,डॉग स्क्वायड, दमकल विभाग की गाड़ियां और सूरजपुर पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे.
सुरक्षा के लिहाज से पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करा लिया गया है, और सघन चेकिंग अभियान (सर्च ऑपरेशन) चलाया जा रहा है. कलेक्ट्रेट परिसर में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सघनता से जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी नज़र रखी जा रही है और सुरक्षा मानकों के तहत आवश्यक कार्रवाई जारी है.
Greater Noida DM office receives bomb threat.
Police is searching premises. pic.twitter.com/t1OVtRKqIZ
— News Arena India (@NewsArenaIndia) July 13, 2026
एडिसीपी सेन्ट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आज सोमवार को डीएम कार्यालय में ई-मेल के माध्यम से बॉम्ब थ्रेट की सूचना पर थाना सूरजपुर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, A.S चेक टीम व डॉग स्क्वाड के माध्यम से डीएम कार्यालय में चेकिंग सुनिश्चित की गयी.

अभी तक कोई प्रतिकूल बात प्रकाश में नहीं आयी है. लगातार सतर्कता बरती जा रही है. पूर्ण गंभीरता के साथ ई-मेल के सम्बन्ध में साइबर टीम द्वारा तकनीकी जांच की जा रही है. स्थिति पूर्णतया सामान्य है, मौके पर पूर्णतः शांति व्यवस्था स्थापित है.संपूर्ण सतर्कता बरतते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की गई है.