उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ समर्पित किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आगमन से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा और यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव प्राप्त होगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है. यहां हर साल लगभग 8.50 लाख पर्यटक आते हैं और सात करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त होती है. सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में इस प्रकार का सफेद बाघ पहली बार लाया गया है. इससे पूर्व भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनके कारण पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है.
हमारा प्रयास है कि बच्चे और युवा वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को प्रत्यक्ष रूप से समझें तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक बनें।
इस दौरान माननीय कैबिनेट मंत्री श्री @SubodhUniyal1 जी समेत अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। pic.twitter.com/9TrBuNuwYG
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 19, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है. यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है. इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त करने और प्रकृति एवं पर्यावरण के साथ उनके संबंध को समझने का अवसर मिला है.
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा. इससे युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे भविष्य में राज्य एवं देश के विकास के साथ ही प्रकृति संरक्षण में भी अपना योगदान दे सकेंगे.
