उत्तराखंड केदारनाथ धाम के कपाट खुले, 51 क्विंटल गेंदे के फूलों से हुआ मंदिर का शृंगार, CM धामी ने की पहली पूजा
उत्तराखंड

केदारनाथ धाम के कपाट खुले, 51 क्विंटल गेंदे के फूलों से हुआ मंदिर का शृंगार, CM धामी ने की पहली पूजा

उत्तराखंड: हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट आज विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं. धाम के कपाट खुलने के समय केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल ताजे गेंदे के फूलों से सजाया गया था. सीएम पुष्कर सिंह धामी खुद केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साक्षी बने. सीएम धामी ने मंदिर में पहली पूजा की. कपाट खुलने को लेकर देश-विदेश से पहुंचे भक्तों में भारी उत्साह देखा गया. बाबा केदार के जयकारों से पूरा धाम गुंजायमान है. वातावरण पूरी तरह भक्ति के रंग में रंग चुका है.

बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि सीएम धामी ने पीएम मोदी के नाम से भगवान केदारनाथ की पहली पूजा की. आज 10 हजार से अधिक श्रद्धालु कपाट खुलने के साक्षी बने. पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संदेश में श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर शुभकामनाएं दी.

कपाट खुलने के अवसर पर दानी दाताओं के सहयोग से बीकेटीसी द्वारा केदारनाथ धाम को कई क्विंटल फूलों से सजाया गया. बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के लिए भंडारे भी लगाये गए. केदारनाथ धाम में विगत दिनों से मौसम सामान्यतौर पर साफ है. संपूर्ण केदारनाथ क्षेत्र में हल्की बर्फ नजर आ रही है तथा मौसम सर्द बना हुआ है.

कपाट खुलने की प्रक्रिया आज सुबह पांच बजे से शुरू हुई सुबह साढ़े पांच बजे से श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) कर्मचारी मंदिर परिसर में तैनात हो गये थे. सुबह सात बजे श्री केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर लिंग, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी एवं बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा, धर्माचार्यों वेदपाठीगणों भैरव नाथ जी के पश्वा अरविंद शुक्ला ने पूरब द्वार से मंदिर में प्रवेश किया तथा मंदिर के गर्भगृह के द्वार की पूजा-अर्चना में शामिल हुए.

देवी देवताओं का आव्हान कर जन कल्याण की कामना तथा संकल्प के साथ ही ठीक प्रातः आठ बजे श्री केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ खोल दिये गये।इसी समय मंदिर का मुख्य अर्थात दक्षिण द्वार भी खुल गया.

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने इस अवसर पर यात्रा से जुड़े सभी विभागों का आभार जताया कहा कि मंदिर समिति श्रद्धालुओं को सरल सुगम दर्शन व्यवस्था हेतु प्रतिबद्ध है. कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में श्री केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण हुआ है.

Exit mobile version