उत्तराखंड बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर परिसर में नहीं लगेंगी दुकानें, BKTC ने लिया बड़ा फैसला
उत्तराखंड

बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर परिसर में नहीं लगेंगी दुकानें, BKTC ने लिया बड़ा फैसला

उत्तराखंड: चारधाम के कपाट खुलने से पहले धामों में अग्रिम दलों को रवाना किया जाता है. ताकि मंदिर परिसर की साफ सफाई समेत मंदिर से जुड़े अन्य व्यवस्थाओं को समय पर मुकम्मल कर लिया जाए. जहां एक ओर अग्रिम दलों की रवानगी शुरू हो गई है. तो वहीं दूसरी ओर बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने इस साल बड़ा निर्णय लिया है. जिसके तहत केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम के मंदिर परिसर में एक भी दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी.

चारधाम यात्रा शुरू होने में अब महज 20 दिनों का ही वक्त बचा है. ऐसे में बीकेटीसी, मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने पर जोर दे रहा है. क्योंकि बदरीनाथ और केदारनाथ में कभी भी मौसम करवट ले लेता है. जिसके कारण काम करना कर्मचारियों के लिए चुनौती भरा हो जाता है. ऐसे में बीकेटीसी का अग्रिम दल मंदिर समिति के विश्राम गृहों, कार्यालयों, तमाम पूजा काउंटरों, दर्शन पंक्ति, स्वागत कार्यालय, मंदिर परिसर के आसपास सौंदर्यीकरण का काम, विद्युत, पेयजल, संचार व्यवस्था, साफ-सफाई समेत अन्य जरूरी मरम्मत कार्य कर रही है.

उत्तराखंड चारधाम की यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हो रही है. ऐसे में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराया जा सके, इसके लिए तमाम विभाग तैयारियों में जुटे हुए हैं. दरअसल, पिछले साल चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु आने के मंदिर परिसर में भीड़ काफी अधिक बढ़ गई थी. जिस कारण मंदिर परिसर में व्यवस्थाएं मुकम्मल करना बीकेटीसी और प्रशासन के लिए चुनौती बन गई थी. इसके साथ ही मंदिर परिसर के आस-पास लगी दुकानों की वजह से भी श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था. जिसको देखते हुए बीकेटीसी ने निर्णय लिया है कि आगामी चारधाम यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

बदरीनाथ धाम मंदिर परिसर में तमाम व्यवस्थाओं को मुकम्मल कराए जाने को लेकर बीकेटीसी का एक अग्रिम 30 सदस्यीय दल 7 अप्रैल को बदरीनाथ धाम पहुंचा था. बीकेटीसी के अवर अभियंता गिरीश रावत के नेतृत्व में बदरीनाथ गई टीम में 15 समिति के अधिकारी/कर्मचारियों के साथ ही 15 मजदूर शामिल हैं. जो इन दिनों बदरीनाथ धाम परिसर में साफ सफाई करने के साथ ही यात्रा संबंधित व्यवस्थाएं बेहतर कर रहे हैं. इसी क्रम में 10 अप्रैल के बाद बीकेटीसी का अग्रिम दल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुआ. जहां वे साफ-सफाई के साथ तमाम व्यवस्थाओं को दुरुस्त करेंगे.

वहीं, ज्यादा जानकारी देते हुए बीकेटीसी के सीईओ विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि यात्रा को लेकर बीकेटीसी की तैयारियां पूरी तरह से मुकम्मल है. ऐसे में जो मूलभूत सुविधाएं हैं उसकी मॉनिटरिंग की जा रही है. केदारनाथ धाम का जो मंदिर परिसर है, उसके अंदर किसी भी तरह के दुकान लगाने की अनुमति आगामी यात्रा के दौरान नहीं दी जाएगी. क्योंकि, वहां दुकान लगाने से काफी अधिक अव्यवस्था हो जाती है. जिसके चलते ये निर्णय लिया गया है. बीकेटीसी सीईओ ने बताया कि 12 से 15 क्विंटल फूलों से बाबा केदारनाथ और 10 से 11 क्विंटल फूलों से बदरीनाथ मंदिर को सजाया जाएगा.

Exit mobile version