उत्तराखंड: प्रदेश में जल्द ही खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए लोहाघाट में बनने जा रहे पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है. पूर्व में सीएम धामी ने लोहाघाट में पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज बनाए जाने की घोषणा की थी. जिसके लिए भूमि का चयन किया जा रहा था. भूमि मिलने के साथ ही उसकी हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.
रेखा आर्या ने कहा कि यह प्रदेश की सभी बालिकाओं के लिए बहुत खुशी का विषय है कि जल्द ही सीएम धामी स्पोर्ट्स कॉलेज का भूमि पूजन करेंगे. उन्होंने कहा कि देहरादून में स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज की तर्ज पर ही इस बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य किया जाएगा. यह स्पोर्ट्स कॉलेज आवासीय भी होगा जहां हमारी बालिकाओं को पढ़ने, खेलने के साथ ही आवास की सुविधा भी मिलेगी.
कॉलेज में उच्च स्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएगी. ताकि बालिकाओं को अपने खेल कौशल को निखारने में मदद मिल सके. राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. जिस तरह से आज हमारी बालिकाएं अपने खेल से राज्य व देश का नाम रोशन कर रही हैं ऐसे में यह बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज भी उनके लिए एक मील का पत्थर साबित होगा.
यहां पर छात्राओं को सन्तुलित भोजन, आवास, खेल किट, कॉलेज यूनीफार्म, पाठ्य-पुस्तकें और लेखन-सामग्री, पुस्तकालय और चिकित्सा सहायता निशुल्क प्राप्त होंगी. इसके साथ ही यहां पर सभी प्रकार के खेल, शिक्षा और उच्चकोटि की सुविधाएं छात्राओं को मिलेगी. बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण होने के बाद जल्द ही इसे प्रदेश की बालिकाओं को समर्पित किया जाएगा.
