अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: बनबसा में CM धामी ने हजारों लोगों संग किया योग, युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान - TV News Today
उत्तराखंड

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: बनबसा में CM धामी ने हजारों लोगों संग किया योग, युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान

उत्तराखंड: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हजारों योग साधकों, एसएसबी जवानों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति और वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है. नियमित योग और प्राणायाम से मानसिक एकाग्रता बढ़ती है, रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़ चुके हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड योग, अध्यात्म और साधना की भूमि है तथा राज्य सरकार इसे योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.

धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने देश की पहली योग नीति लागू की है, जिसके तहत योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी और योग व प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख रुपये तक के अनुदान का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में पांच नए योग हब भी विकसित किए जा रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा में योग दिवस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य शारदा नदी तट पर योग और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है. उन्होंने बताया कि लगभग 3300 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *