उत्तराखंड: मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर धामी नेशनल गेम्स में व्यवस्थाओं का जायजा लेने नेशनल गेम्स के सबसे बड़े वेन्यू महाराणा प्रताप स्पोर्ट कॉलेज पहुंचे. सीएम ने खिलाड़ियों से मुलाकात की. खिलाड़ियों के लिए खाना परोसा और उनके साथ भोजन भी किया. उन्होंने नेशनल गेम्स की क्लोजिंग सेरेमनी के बारे में भी जानकारी दी.
दिल्ली चुनाव प्रचार से लौटने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे. यहां उन्होंने नेशनल गेम्स के वेन्यू, वहां की खान-पान की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया. सीएम ने खिलाड़ियों से भी व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत की. उनके साथ भोजन भी किया. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है.
नई दिल्ली से उत्तराखण्ड वापस लौटते ही देहरादून में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में 38वें राष्ट्रीय खेलों की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। भोजन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के दौरान खिलाड़ियों के साथ बैठकर भोजन भी किया। इस अवसर पर अनेक राज्यों से आए खिलाड़ियों से बात कर… pic.twitter.com/6I9s9zNJgf
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 4, 2025
दिल्ली चुनाव प्रचार से लौटते समय सीएम धामी जौलीग्रांट एयरपोर्ट से अचानक स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंच गए. गेट पर खेल विभाग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें निर्माण कार्यों की जानकारी दी. इसके बाद सीएम खिलाड़ियों के लिए बनी मेस में पहुंचे. यहां विभिन्न प्रदेशों के खिलाड़ी भोजन कर रहे थे. धामी ने अधिकारियों से खाने का मैन्यू पूछा. खिलाड़ियों से इसकी गुणवत्ता की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री ने पहाड़ी भट्ट की दाल के साथ चावल लिए और बैठकर झारखंड और असम के खिलाड़ियों के साथ भोजन किया. खिलाड़ियों ने कहा कि उन्हें उत्तराखंड में खाने और रहने की बेहतर सुविधा मिल रही है. सीएम धामी यहां से त्रिशूल शूटिंग रेंज पहुंचे और विभिन्न प्रदेशों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने 50 मीटर एयर राइफल के इवेंट में राइफल शूटिंग की बारीकियां जानीं.
सीएम धामी ने कहा कि खिलाड़ी उत्तराखंड से अच्छा अनुभव लेकर जाएं, यही उनकी कोशिश है. खिलाड़ी यहां मिल रही सुविधाओं से संतुष्ट हैं. राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड के लिए मील का पत्थर साबित होंगे. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के हल्द्वानी में होने वाले समापन समारोह में गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे. शाह ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है.
