उत्तराखंड: आज हरेला का पर्व मनाया जा रहा है. हरेला के मौके पर सीएम धामी आज जागेश्वर धाम पहुंचे. सीएम धामी ने वृद्ध जागेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना की. इसके बाद सीएम धामी ने हरेला के मौके पर पौधारोपण किया. साथ ही उन्होंने अल्मोड़ा में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान सीएम धामी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को हरेला की शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा यह पर्व धरती मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है. सीएम धामी ने कहा हमने पूरे प्रदेश में 10 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य लिया था. इस लक्ष्य को पार कर अब तक 10 लाख 80 हजार से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं
वहीं, सीएम धामी के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार में पौधारोपण किया. कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के साथ गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, डीएम मयूर दीक्षित, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध समेत साधु संतों और समाजसेवियों ने अपने नाम के साथ पौधे लगाए. इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए.
मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत श्री जागेश्वर धाम का समग्र एवं सुव्यवस्थित विकास किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ इस प्राचीन तीर्थ की दिव्यता, भव्यता और आध्यात्मिक गरिमा भी निरंतर सुदृढ़ हो रही है। साथ ही, यहां स्थापित किए… pic.twitter.com/NZqZC2sFiD
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 16, 2026
हरिद्वार वन विभाग के अंतर्गत आने वाले नगर में मियांवाकी वन विकसित किया गया है. यहां विभिन्न प्रजातियों के पौधे हैं. खासकर यहां बाहर से आने वाले लोग अपने और अपने परिजनों व पूर्वजों के नाम पौधे लगाते हैं. जिनकी देखरेख वन विभाग के कर्मचारी करते हैं. इस वर्ष भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले लोक पर्व पर नगर वन में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. मंत्री सतपाल महाराज, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, वॉर्डन अजय लिंगवाल समेत कई लोगों ने 200 पौधे लगाए. नीम, बरगद, पीपल, रुद्राक्ष जैसे छायादार पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया गया.
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा लोक पर्व हरेला, उत्तराखंड का सबसे बड़ा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला पर्व है. सरकार की ओर से आज सभी विभागों को पौधे लगाने के निर्देश दिए गए हैं. धूमधाम के साथ बड़े स्तर पर वृक्षारोपण के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सरकार के साथ ही आमजन की भी जिम्मेदारी है.
हरेला पर्व के अवसर हरिद्वार में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया. रोशनाबाद स्थित परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अपने बेटे के साथ फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की. इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. उधर, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने भी हरेला पर्व पर जनपदभर में पौधारोपण किया.
