उत्तराखंड रुड़की में पूर्व सैनिकों ने त्रिवेंद्र को विजयी बनाने के लिए निकाला रोड शो
उत्तराखंड

रुड़की में पूर्व सैनिकों ने त्रिवेंद्र को विजयी बनाने के लिए निकाला रोड शो

उत्तराखंड: अशोक नगर ढंडेरा रुड़की में पूर्व सैनिकों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हरिद्वार लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए एक सुर में आवाज बुलंद हुई. इस मौके पर पूर्व सीएम व प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हर तरह से देश मजबूत हुआ है. आज विश्व का कोई भी देश हमें आंखे दिखाने की हिम्मत नहीं कर सकता. भारत का मान-सम्मान आज पूरी दुनिया में बढ़ा है. सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए मोदी जी ने अनेक कार्य किये हैं.

उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा हमारे शास्त्र करते हैं. इसी तरह से हमारे देश की रक्षा हमारे शस्त्र और सैनिक करते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे सैनिकों को मजबूत करने और शक्ति देने के लिए अत्याधुनिक शस्त्र देने और अन्य सुविधाएं देने का कार्य किया. जब मोदी जी ने 2014 में केंद्र में सत्ता संभाली थी तब भारत अर्थव्यवस्था में दुनिया में 11 वें स्थान पर था, आज हम दुनिया में पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश बन गए हैं. वह भी तब जब इस कालखंड में कोरोना जैसी महामारी के कारण उद्योग बंद रहे। लेकिन मोदी जी ने इस आपदा को भी अवसर में बदलने का मंत्र दिया. आज यूरोप और चीन जैसे देश जीडीपी में हमसे पीछे हैं.

त्रिवेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज विकसित भारत का नारा दिया है। वह 2047 में विकसित राष्ट्र और भारत को दुनिया का सिरमौर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं. इसलिए आज हमें विकसित भारत बनाने के लिए मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना है. उन्होंने पूर्व सैनिकों का आह्वान किया कि अगले 15-20 दिन बार्डर पर युद्ध की तरह से लड़ाई लड़नी है. स्वयं का और परिवार का मतदान तो करना है और लोगों को भी मतदान के लिए प्रोत्साहित करना है. पार्टी ने उन्हें इस बार हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के लोगों की सेवा का मौका दिया है. वह भी एक पूर्व सैनिक के बेटे हैं इसलिए यह उनका अपना परिवार है. उन्होंने कहा कि अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को भी कमल के निशान पर मतदान के लिए कहने की जिम्मेदारी हरेक पूर्व सैनिक को लेनी है.

Exit mobile version