उत्तराखंड: आखिरकार हरिद्वार को शानदार क्रिकेट स्टेडियम मिल गया है, जिसका लाभ उभरते खिलाड़ियों को मिलेगा. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्टेडियम और तमाम सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया. इस स्टेडियम को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने 9 करोड़ 5 लाख रुपए की लागत से तैयार किया है.
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पन्ना लाल भल्ला क्रिकेट स्टेडियम हरिद्वार का लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया के तहत सभी स्तरों पर युवा प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने क्रिकेट स्टेडियम का विस्तार और विकास किया है.
इस स्टेडियम को बीसीसीआई और अन्य क्रिकेट खेल विशेषज्ञों के दिशा निर्देशन एवं सुझावों को समाहित कर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है. इतना ही नहीं स्टेडियम में हाई-मास्ट लाइटिंग लगायी गयी है. ताकि, इस स्टेडियम में डे-नाइट का मैच भी कराए जा सकें. सीएम धामी ने कहा कि हर की पैड़ी हिंदुओं का पौराणिक तीर्थ स्थल है. यहां पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान, पूजा और आरती करने आते हैं. इस कारण से हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा काफी अहम हो जाती है. वहां पर करीब 50 साल पुरानी पुलिस चौकी स्थित थी, जिस पर पुलिस बल कानून एवं व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अपनी सेवाएं देता था. अब उस जगह पर नये पुलिस चौकी भवन का निर्माण कर लिया गया है. खास बात ये है कि पुलिस चौकी में उत्तराखंड की संस्कृति समाहित कर निर्मित किया गया है.
#WATCH | Uttarakhand Chief Minister Pushkar Singh Dhami participates in the inauguration program of Panna Lal Bhalla Cricket Stadium in Haridwar. pic.twitter.com/zM62nj6YGW
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) November 11, 2024
इसके अलावा हरिद्वार के पुलों का सौंदर्यीकरण भी कराया गया है. जिसके तहत 3 करोड़ 30 लाख की लागत से चंडी देवी पुल पर फसाड लाइट लगा दी गयी है. यह पुल हरिद्वार-नजीबाबाद नेशनल हाईवे पर स्थित है, जो कुमाऊं क्षेत्र और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला हरिद्वार का अहम पुल है.
इस पुल से ही कांवड़ मेला, स्नान पर्वों और कुंभ मेला के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु आवाजाही करते हैं. इस ब्रिज पर डाइनेमिक/स्थायी फसाड लाइट सौंदर्यीकरण का काम भी एचआरडीए ने किया है, जिससे रात में पुल खूबसूरत लाइटों से जगमग नजर आएगा. वहीं, हरिद्वार के डाम कोठी पुल का भी फसाड लाइट सौंदर्यीकरण का भी काम किया गया है. हरिद्वार शहर को सुंदर और आकर्षक बनाए जाने के उद्देश्य से इस पुल पर भी डाइनेमिक स्थायी फसाड लाइट लगायी गयी है.
