उत्तराखंड: चार धाम यात्रा शुरू होने के लिए कुछ ही दिन का समय शेष है. वहीं बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि भी तय हो गई है. इसके साथ ही आगामी 25 मई को सिखों के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब के कपाट भी तीर्थयात्रियों के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे.
बता दें गुरुवार को गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने मुख्य सचिव राधा रतूड़ी से सचिवालय में मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे के कपाट 25 मई को तीर्थयात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे. वहीं 10 अक्तूबर को बंद किए जाएंगे.
हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा भी इस पर सहमति दी गई है. मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि प्रशासन द्वारा इस दिशा में पूर्ण सहयोग किया जाएगा. बता दें ऊंचाई वाले इलाकों में बीते चार दिन बर्फबारी का सिलसिला जारी है. इस वक्त हेमकुंड साहिब में भी करीब आठ फीट तक बर्फ जमी हुई है.
बिंद्रा ने बताया कि हेमकुंड साहिब आने वाले तीर्थ यात्रियों की संख्या में प्रतिवर्ष बढ़ोतरी दर्ज की जाती है. उम्मीद है कि इस साल भी हेमकुंड साहिब की यात्रा सकुशल संपन्न होगी. हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर बर्फ अधिक होने के कारण यहां पुख्ता तैयारी करनी होती है जिससे यहां आने वाले तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो. इसके लिए अब गुरुद्वारा ट्रस्ट प्रशासन के सहयोग से तैयारियां पूरी करेगा.
