उत्तराखंड बद्रीनाथ में चढ़ावा चोरी पर BKTC कार्मिक प्रमोद नौटियाल सस्पेंड, FIR दर्ज, कमिश्नर करेंगे जांच
उत्तराखंड

बद्रीनाथ में चढ़ावा चोरी पर BKTC कार्मिक प्रमोद नौटियाल सस्पेंड, FIR दर्ज, कमिश्नर करेंगे जांच

उत्तराखंड: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की धनराशि से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले ने  सख्त रुख अपनाया है. बीकेटीसी अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ बदरीनाथ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इससे पहले समिति उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच भी शुरू कर चुकी है. मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के निर्देश पर मामले की गहन जांच के लिए आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है.

बीकेटीसी के मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण की लिखित तहरीर पर 8 जुलाई 2026 को थाना बदरीनाथ में एफआईआर संख्या 0006 दर्ज की गई. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 306 और 316(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.  सरकार ने श्री बद्रीनाथ मंदिर में दान -चढ़ावे को लेकर अनियमितता की शिकायत पर गठित उच्च स्तरीय समिति में अध्यक्ष आयुक्त गढ़वाल मंडल के साथ प्रबंध निदेशक, एनएचएम संदीप तिवारी तथा कार्यालय महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं.

 

सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा जारी आदेश के अनुसार समिति मंदिर में प्राप्त होने वाले दान-चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच करेगी तथा 15 दिनों के भीतर अपनी जांच आख्या एवं संस्तुतियां शासन को प्रस्तुत करेगी. जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर समिति किसी भी अधिकारी, विशेषज्ञ अथवा अन्य संबंधित व्यक्ति का सहयोग एवं परामर्श प्राप्त कर सकेगी. साथ ही समिति दान-चढ़ावे के प्रबंधन तंत्र को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक उपायों एवं सुझावों से भी शासन को अवगत कराएगी.

Exit mobile version