गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के मकनपुर में निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. इस हादसे में तीन छात्र घायल हो गए. ये छात्र स्कूल से घर वापस लौट रहे थे. ये बच्चे दीवार गिरते ही उसके मलबे की चपेट में आ गए. घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई. दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और मलावा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला गया.
घटना की सूचना मिलते ही इंदिरापुरम पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के मुताबिक, दीवार गिरने के कारण मलबे में दबने से तीन छात्र घायल हो गए. छात्रों के हाथ और सिर में चोट लगी है. फिलहाल, सभी छात्रों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा चुका है और हालत खतरे से बाहर है. मकनपुर में महेश शर्मा का मकान बन रहा है. जिसमें तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था. तीसरी मंजिल पर बना रही दीवार अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ी.
Wall of under-construction building collapses in Ghaziabad, several school students injured. pic.twitter.com/6k7faDxuHd
— News Arena India (@NewsArenaIndia) July 17, 2026
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, दोपहर 12:00 बजे थाना इंदिरापुरम को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम मकनपुर में मकान की दीवार गिरने से कुछ बच्चे घायल हो गए. तत्काल इंदिरापुरम थाने से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. जांच पड़ताल में सामने आया है कि महेश शर्मा का मकान निर्माणाधीन है. मकान की तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था. बच्चे स्कूल से घर वापस लौट रहे थे.
सूर्य बली मौर्य ने आगे बताया, दीवार गिरने के दौरान बच्चे हादसे की चपेट में आ गए. हृदेश, मोनू और कृषपाल घायल हुए हैं. हृदेश और कृषपाल कक्षा 6 में पढ़ते हैं जबकि मोनू सातवीं का छात्र है. अस्पताल में भर्ती सभी छात्रों की स्थिति सामान्य है. मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. इस संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
