ग्रेटर नोएडा वेस्ट: इराॅस सम्पूर्ण सोसायटी में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी महोत्सव को बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया. रिमझिम बारिश के बीच भी सोसायटी के निवासियों का उत्साह कम नहीं हुआ और बच्चों से लेकर महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों तक सभी ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में हिस्सा लिया. पूरे आयोजन के दौरान सोसायटी का माहौल कृष्ण भक्ति से सराबोर रहा.
सोसायटी के बुद्धा पार्क में आयोजित मुख्य जन्माष्टमी महोत्सव में बाहर से आए कलाकारों ने आकर्षक राधा-कृष्ण लीला का मंचन किया. कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया. राधा-कृष्ण की लीलाओं के मंचन के दौरान पूरा पार्क भक्तिमय वातावरण में बदल गया और दर्शक मंत्रमुग्ध होकर प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे.

कार्यक्रम में सोसायटी के स्थानीय कलाकारों और बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. बच्चों एवं सोसायटी के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न नृत्य कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया. उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया.
जन्माष्टमी के अवसर पर सोसायटी के देवस्थानम मंदिर तथा न्यू फेस में भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। जगह-जगह भक्ति गीतों और धार्मिक कार्यक्रमों से वातावरण आध्यात्मिक बना रहा.
वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय नेताओं का सम्मान
बुद्धा पार्क में आयोजित महोत्सव के दौरान सोसायटी के वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय नेताओं को ‘सुबह की बैठक’ ग्रुप की ओर से सम्मानित किया गया. सम्मान समारोह के दौरान समाज और सोसायटी के लिए योगदान देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया. इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम सोसायटी के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करते हैं.
मेले में उमड़ा उत्साह
जन्माष्टमी महोत्सव के साथ सोसायटी परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों और खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए थे. बच्चों, महिलाओं और सोसायटी के अन्य निवासियों ने मेले में पहुंचकर विभिन्न व्यंजनों का लुत्फ उठाया. बच्चों में मेले को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला.
मध्यरात्रि में गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’
जैसे-जैसे रात आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ता गया. रात के बारह बजते ही पूरा इराॅस सम्पूर्ण सोसायटी परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा. ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयघोष के बीच श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में पूरी तरह डूब गए.
श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं. रिमझिम बारिश के बावजूद देर रात तक सोसायटी में उत्सव का माहौल बना रहा.
जन्माष्टमी महोत्सव ने इराॅस सम्पूर्ण सोसायटी में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक उत्सव का सुंदर संगम प्रस्तुत किया. बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और सोसायटी के अन्य निवासियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया.