दिल्‍ली-एनसीआर सीएम रेखा गुप्ता ने किया 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण
दिल्‍ली-एनसीआर

सीएम रेखा गुप्ता ने किया 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण

दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया. समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप के बहुप्रतीक्षित आधिकारिक ट्रेलर को भी लॉन्च किया. शुभंकर ‘मयूर’ के प्रतीकात्मक महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ भारत के राष्ट्रीय पक्षी से प्रेरित है, जो ऊर्जा, उत्साह, जीवंतता और सकारात्मकता का संचार करता है. विशेष बात यह है कि मयूर के पंखों में इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी देशों के राष्ट्रीय ध्वजों को खूबसूरती से पिरोया गया है, जो ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और खेल भावना के वैश्विक संदेश को दर्शाता है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय राजधानी की आधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, बेजोड़ संगठन क्षमता और वैश्विक खेलों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है. एशियाई खेलों से लेकर राष्ट्रमंडल खेलों तक, दिल्ली का इतिहास सफल और भव्य आयोजनों का साक्षी रहा है. दिल्ली सरकार का संकल्प हमारे युवाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है ताकि दिल्ली को देश की अग्रणी ‘खेल राजधानी’ के रूप में स्थापित किया जा सके.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत की टीम घरेलू मैदान पर प्रतियोगिता में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी और देश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगे. यह प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्रदान करेगी और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर आयोजन समिति, खेल विभाग, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्वयंसेवकों और सभी सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी खेल संस्कृति, उत्कृष्ट अवसंरचना और आतिथ्य की मिसाल पेश करने के लिए तैयार है. उन्होंने सभी प्रतिभागी देशों और खिलाड़ियों का राजधानी में स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं.

इस सात दिवसीय खेल महाकुंभ का आयोजन 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के अत्याधुनिक त्यागराज स्टेडियम में किया जाएगा. इस चैंपियनशिप में कॉमनवेल्थ के 25 से अधिक देशों के शीर्ष पैडलर्स हिस्सा ले रहे हैं. इनमें इंग्लैंड, कनाडा, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, सिंगापुर, स्कॉटलैंड, वेल्स, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, माल्टा, बोत्सवाना, जमैका, केन्या और त्रिनिदाद एवं टोबैगो सहित कई देश शामिल हैं.

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि आज का दिन केवल कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर मयूर के अनावरण का अवसर नहीं है, बल्कि यह दिल्ली के खेल भविष्य के लिए एक नई दृष्टि के उद्घाटन का भी प्रतीक है. उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल भारत की राजधानी ही नहीं, बल्कि देश की ‘स्पोर्ट्स कैपिटल’ और भविष्य में वैश्विक खेल केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि एक मजबूत और विश्वस्तरीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है. उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने जा रही है. इनमें तैराकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और टेबल टेनिस जैसे खेल शामिल होंगे. ये सेंटर ऑफ एक्सीलेंस केवल प्रशिक्षण केंद्र नहीं होंगे, बल्कि दिल्ली की भावी खेल प्रतिभाओं को तैयार करने वाली मजबूत खेल पाइपलाइन के रूप में कार्य करेंगे.

Exit mobile version